नगर पालिका जसवन्त नगर का दो करोड़ से ज्यादा घाटे का बजट पेश

* पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण ने पहला बजट पेश किया *सभासदों ने आय  बढ़ाने पर जोर दिया 

फोटो:- नगर पालिका जसवंतनगर की बोर्ड बैठक में बजट पेश करते अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार, मौजूद पालिका ई ओ और विधायक प्रतिनिधि एवं सभासद गण

____

 जसवंतनगर (इटावा)। नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में सत्यनारायण शंखवार ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल का पहला बजट पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत किया। 

   

इस बजट में वर्ष 2023- 24 के दौरान नगर पालिका को 14 करोड़ 1 लाख25 हजार 8 सौ रुपए की कुल आमदनी विभिन्न स्रोतों से होने का अनुमान लगाया गया है, फिर भी 2 करोड़ 2 लाख72 हजार 5 सौ 98 रुपयों के घाटा होने का अनुमान है।

    बजट प्रस्तुत करते हुए श्री शंखवार ने बताया कि 1,अप्रैल 2022 से लेकर 31मार्च, 2023 तक नगर पालिका को 12 करोड़, 41 लाख, 99 हजार 174 रुपए की आमदनी हुई थी, जबकि पालिका के पास 2021-22 का 4 करोड़, 15 लाख, 3 हजार, 437 रुपया अवशेष था। इस अवधि में पालिका द्वारा विभिन्न व्यय मदो में 10 करोड़, 60 लाख, 51 हजार,194 रुपए खर्च किए गए। इस प्रकार 1अप्रैल,2023 को नगर पालिका में 5 करोड़, 96 लाख, 50 हजार, 668 रुपया शेष रहा था।
      पालिका अध्यक्ष द्वारा पेश किए गए बजट पर मौजूद सभासदों में से अनेक ने उन्हें पालिका की आमदनी के स्रोत बढ़ाने तथा नगर में नए कर लगाने की सलाह दी। साथ ही सभासदों ने ठेके और संविदा पर रखे गए कर्मचारियो तथा पेंशन शुदा कर्मचारियों की कई – कई महीने की तनख्वाह और पेंशन न दिए जाने पर असंतोष जताया
      वरिष्ठ सभासद राजीव यादव ने कहा कि नये कर तब लगाये जाने चाहिए,जब नगर पालिका की नागरिक सुविधाऐं पूरी तरह दुरुस्त हों तथा लोग महसूस करें कि नगर पालिका द्वारा विकास के काम उनके हित में जोरदारी से चलाये जा रहे हैं। उन्होंने गृह कर और जलकर से छूटे नागरिकों को टैक्स सीमा में लाने की पहल करने पर  जोर दिया।
      सरकार से ग्रांट बढ़वाने का मुद्दा भी उठा। इस पर मौजूद विधायक प्रतिनिधि अजेंद्र सिंह गौर ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव  जसवंतनगर का विकास चाहते हैं और वह वर्तमान भाजपा सरकार पर बराबर दबाव बना रहे हैं कि जसवंतनगर  पालिका की ग्रांट बढ़ायी जाए। 
इस तरह से होगी आय
पालिका अधिशासी अधिकारी विनय मणि त्रिपाठी, अकाउंटेंट  अवधेश कुमार तिवारी के साथ बजट पेश कर रहे पालिका अध्यक्ष ने वर्ष 2023-24 के दौरान अनुमानित आय के बारे में  बताया कि गृह कर से लगभग 8 लाख की आमदनी होने की संभावना है आजीविका व्यापार एवं व्यवसाय कर से 2 लाख,जलकर से 10 लाख, करेत्तर राजस्व के तहत 1 करोड़ 20 लाख95 हजार 8 सौ रुपयों की आमदनी होने की संभावना है। इस तरह नगर पालिका को अपने निजी स्रोतों से कुल मिलाकर एक करोड़ 41 लाख 25 हजार800रुपयों की आमदनी का अनुमान है।
     उन्होंने बताया कि राज्य वित्त आयोग से साढे 6 करोड़ ,15 वे वित्त आयोग से 3 करोड़, विधायक निधि से कुछ नहीं , स्वच्छ भारत मिशन से एक करोड़,आदर्श नगर, शौर्य पुंज आदि योजनाओं से अनुग्रह आय एक करोड़ रुपए, अवस्थापना एवं रजिस्ट्री शुल्क से 10 लाख रुपए की आय होने की संभावना है। इस तरह नगर पालिका की कुल आमदनी 14 करोड रुपए के आसपास की होने की संभावना है।
 इस तरह होंगे व्यय
बजट के दौरान बताया गया कि सामान्य प्रशासन ,कर विभाग, व जलकर, वेतन, महंगाई भत्ता, आवास भत्ता, यात्रा भत्ता, कर्मचारी एरियर, हैंड पंप अधिष्ठापन, पाइपलाइन विस्तार कार्य आदि पर 1 करोड़ ,82 लाख, पेंशन ग्रेट्यूटी आदि पर 18 लाख व्यय होंगे।
   विद्युत व्यवस्था पर लगभग 5 लाख का खर्च है।सफाई विभाग पर वेतन, वर्दी, डीजल, उपकरण, मरम्मत, संविदा कर्मचारियों,स्वच्छ भारत मिशन, आउट सोर्सिंग ठेके   आदि पर 5 करोड़ 47 लाख 50 हजार का व्यय होगा।
 भवन निर्माण, मरम्मत, सड़को के निर्माण, नाली  नालों, पुलिया के निर्माण, मरम्मत, सौंदर्यीकरण, इनकम टैक्स एवं अन्य टैक्स, ई टेंडर, वेबसाइट, आदर्श नगर शौर्य पुंज आदि पर 5 करोड़ 52 लाख खर्च होंगे। इसके अलावा 15 अन्य  मदो में 1 करोड़ 17 लाख से जायदा के व्यय होंगे। इस तरह वित्त वर्ष 2023- 24 में कुल मिलाकर 16 करोड़ 3 लाख 98 हजार से ज्यादा का पालिका पर  व्यय बोझ  है।
      बैठक के दौरान क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव के प्रतिनिधि अजेंद्र सिंह गौर, एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी के प्रतिनिधि अंकुर के अलावा लगभग सभी सभासद मौजूद थे। लगभग डेढ़ घंटे चली इस बजट बैठक में शांति रही। मौजूद सभासदों में राजीव यादव, कमल प्रकाश पाल, मोहम्मद फारूख,शेष कुमार बिल्लू ,दिलीप कुमार, देवेंद्र सिंह,सतीश यादव, प्रमोद कठेरिया, मोहम्मद फैजान,संजय चक,संजीव यादव, मोहम्मद इरफान, महिला सभासद शिखा शाक्य, साधना देवी, घमला देवी, मोहनी दुबे, आलिया बेगम, मीना देवी शंखवार, रुचि शर्मा, गीता यादव आदि मौजूद थे।
– वेदव्रत गुप्ता

Related Articles

Back to top button