इटावा! जनपद की ऐतिहासिक 1910 में स्थापित इटावा महोत्सव एवम जनपद प्रदर्शनी, पशु मेला समिति के प्रस्तावित चुनाव के लिए नए सदस्य बनेंगे या लगभग 50 वर्ष पुराने सदस्य में से शेष बचे लगभग 92 सदस्य ही समिति चुनाव में मतदान करेंगे या 2004 में बने सदस्य को भी चुनाव के लिए पात्र माना जायेगा।इटावा महोत्सव एवम जनपद प्रदर्शनी पशु मेला समिति चुनाव पर समिति के अध्यक्ष/जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट करते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवम 2004 में बने प्रदर्शनी के सदस्य उदय भान सिंह यादव ने कहा कि लगभग 50 वर्ष पूर्व समिति चुनाव के लिए नया सदस्यता अभियान चलाया गया था अगर उस समय बने सदस्यों की कम से कम उम्र 18 वर्ष रही होगी तब आज सबसे कम उम्र के सदस्य 68 वर्ष के होंगे। तब यह माना जाए की इस समय सभी सदस्य वरिष्ठ सदस्य ही है और जब मतदान होता है तब सदस्यों की उम्र अधिक होने के कारण मतदान प्रतिशत भी कम रहता है। उदयभान सिंह ने बताया कि एक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के प्रयास से 2004 में सदस्यता अभियान चलाया गया उसमे 50 रु शुल्क अदा कर सदस्य बनाया गया था। जिसमे में मैं स्वयं 06 अक्टूबर 2004 को सदस्य बना। लेकिन आज तक चुनाव में भाग लेने के लिए पात्र नहीं माना गया। उदयभान सिंह ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा है कि जब इटावा महोत्सव में नई सोच, नई ऊर्जा के साथ बच्चों, छात्र, महिला, युवाओं के लिए कार्यक्रम चलाए जाते है तब नई सोच नई ऊर्जा वाले सदस्य भी बदलते समय के साथ होने चाहिए जिससे इटावा महोत्सव को और ख्याति मिल सकती है। इसलिए अगर नई सदस्यता नही हो सकती है तब 2004 में बनाए गए सदस्यों को पात्र मानते हुए चुनाव में मतदान करने का अधिकार दिया जाए।