निसंतान पत्नी को पति ने मारकर यमुना में फेंका, पुलिस ने बरामद किया यमुना से शव
*बलरई इलाके के खंदिया के पास यमुना में 11 जून को फेंका था * क्षेत्राधिकारी ने छनवाई यमुना

फोटो:- क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान के नेतृत्व में यमुना में विवाहिता के शव की तलाश करता पुलिस बल
______
जसवंतनगर(इटावा)। एक पति द्वारा अपनी पत्नी को बलरई थाना क्षेत्र के खंदिया पुल के पास यमुना में तीन दिन पूर्व फेंक कर उसकी हत्या किए जाने के मामले के संज्ञान में आते ही क्षेत्राधिकारी जसवंत नगर अतुल प्रधान सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल यमुना में महिला की तलाश में बुधवार को दिन भर जुटे रहे, देर शाम विवाहिता का शव बरामद हो गया और उसकी शिनाख्त भी हो गई
इस विवाहिता को उसके पति द्वारा यमुना में फेंक कर मार देने का आरोप मृतका के भाई ऋषिकेश पुत्र राजनाथ निवासी ग्राम जोरे थाना नगला खंगर ,फिरोजाबाद द्वारा लगाते पुलिस को सूचना दी गई थी ।
सूचना में कहा गया कि उसकी बहन प्रीति की शादी 15 वर्ष पूर्व इंद्रेश कुमार निवासी चोधन्ना का पुरा, थाना चित्रहाट, जिला आगरा के साथ हुई थी।मेरी बहिन के शादी के बाद कोई संतान नही हुई, जिसके चलते उसका पति लगातार उससे मारपीट और विभिन्न प्रकार परेशान करता था।
पति इंद्रेश 11 जून ,2023 को बहन प्रीति को टैंपू में बैठा कर मायके नगला जोरे लाया था। बाद में बहन ने पति के साथ ससुराल वापस जाने को मना किया था। मगर पति जब ज्यादा जिद करने लगा, तो बहन को उसके साथ भेज दिया था।
दूसरे दिन जब बहन की ससुराल सकुशल पंहुचने की जानकारी ली गई ,तो इंद्रेश ने पहले तो कुछ भी बताने से टाला मटोली की ,मगर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने कबूला कि उसने प्रीति को मार कर यमुना में खंदिया के पास फेंक दिया है।
ऋषिकेश ने अपनी बहन के साथ घटित घटना की सूचना 14 जून 2023 को जैसे ही 112 नंबर पुलिस को दी गई, तो इसके बाद बलरई थाना निरीक्षक अल्मा अहिरवार ने आरोपी पति इंद्रेश के गांव पहुंचकर उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। उसके द्वारा पत्नी को यमुना में फेंके जाने की भी उससे पुष्टि हो गई। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप कट गया ।क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान घटनास्थल पर पहुंचे और फोर्स के साथ शव बरामदगी में जुट गए। बुधवार देर शाम शव का सुराग लगा और उसे यमुना से बरामद कर लिया गया, जिसे शिनाख्त के बाद बलरई पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी इंद्रेश बलरई पुलिस की गिरफ्त में है।
*वेदव्रत गुप्ता
____