भाजपा की जीत से मैनपुरी मॉडल लोकसभा क्षेत्र बनेगा: बृजेश पाठक

  *गुंडागर्दी और परिवारवाद का सफाया होगा

फ़ोटो- जसवंत नगर में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक

जसवंतनगर(इटावा)। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा है कि मैनपुरी को मॉडल लोकसभा क्षेत्र बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिताएं। इस चुनाव से मोदी और योगी दोनों के हाथ मजबूत होंगे।

श्री पाठक शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में यहां जसवंतनगर में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी की जीत से लोकसभा क्षेत्र के लोगों का सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत माता की शान को बुलंदियों पर पहुंचाया है। कोरोना काल में वसुधैव कुटुंबकम के नारे को साकार रूप दिया है । तमाम गरीब देशों को कोरोना की खुराक उपलब्ध कराकर मानवता का काम भी किया है ,जिससे दुनिया में देश का मान सम्मान बढ़ा है। आज भारत को दुनिया के देश सर्वाधिक सम्मान दे रहे हैं। साथ ही दुनिया के सर्वशक्तिमान देशों की कतार में भारत शामिल होने जा रहा है। उन्होंने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र की जनता से कहा कि मैं आपको इस मामले में आश्वस्त करता हूं कि यहां पर जिस तरह से गुंडागर्दी अराजकता और दबंगई का माहौल चलता रहा, वह अब पूरी तरह समाप्त होगा। प्रदेश में योगी राज चल रहा है किसी गुंडे की खैर नहीं है। आप लोग निर्भीक होकर मतदान करें ।आपको आगे या पीछे कोई सता नहीं पाएगा। रघुराज सिंह शाक्य की जीत से मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि मैं आपका सेवक हूं और सेवक ही रहूंगा। मैं सांसद या विधायक बनने नहीं आया हूं, बल्कि आपकी सेवा के लिए आया हूं। आपके आशीर्वाद की हमें जरूरत है और 5 दिसंबर को वोट के रूप में अपना आशीर्वाद हमें प्रदान करें। इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ,नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी ,रामरतन कुशवाहा, मनोज प्रजापति, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, राम कुमार चौधरी आदि ने संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन शिवाकांत चौधरी ने तथा अध्यक्षता राधेश्याम शर्मा ने की।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ राज बहादुर सिंह यादव, सुबोध तिवारी आरएसएस के जिला संघचालक राम नरेश शर्मा, अजय यादव बिंदु लज्जा राम प्रजापति अनिरुद्ध दुबे मोनू ,कुशल पाल शर्मा आदि उपस्थित रहे।

*वेदव्रत गुप्ता

Related Articles

Back to top button