कृषि उत्पादों की खरीद के ‘अवैध फंडों’ को लेकर मंडी आढ़तिया आंदोलित

   *मंडी कार्यालय के सामने नारेबाजी   *सचिव को ज्ञापन सौंपाया    *फंडों के बंद न होने पर एसडीएम का करेंगे घेराव

फोटो :- मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपते तथा नारेबाजी करते आढ़ती और सुभाष गुप्ता आ
__________
  जसवंतनगर (इटावा)।  कृषि उत्पादन मंडी समिति द्वारा संचालित स्थानीय नई मंडी के  आढ़तियों ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नेतृत्व में  सोमवार को मंडी सचिव कार्यालय के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन और जोरदार नारे बाजी की।
    मंडी सचिव रविप्रताप सिंह को मंडी सभापति को संबोधित ज्ञापन सौंपाते हुए मंडी परिसर के  बाहर  नगर में चल रहे किसानो के उत्पादों के  अवैध खरीद फड़ो को बंद कराने की प्रबल मांग की। साथ ही ऐसा न होने पर उप जिलाधिकारी जसवंत नगर  के घेराव की चेतावनी दी।
    आढ़तियों का आरोप था कि नगर के विभिन्न मार्गो तथा हाईवे के किनारे किसानों के उत्पादन खरीदने के लिए धन्नासेठों और व्यापारियों द्वारा अवैध फड़ संचालित है ,जो मंडी के अफसरों और कर्मचारियों की मिलीभगत से  चल रहे हैं।
    फड़ों  के संचालक न केवल मंडी शुल्क की चोरी कर रहे हैं, बल्कि सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।  नगद भुगतान देकर घटतोली और कम दामों पर उत्पाद खरीदकर रातों-रात अमीर बन रहे हैं।  किसान मंडी में उत्पाद लाने की बजाय इन लोगों को बेचने में ज्यादा वरीयता देने लगे हैं।
    मंडी आढतियों का संगीन आरोप यह भी था कि यह फड़ संचालक सरकारी गेहूं और चावल की कालाबाजारी का प्रमुख केंद्र भी बन गए हैं।
     उ .प्र उद्योग व्यापार मंडल के स्थानीय अध्यक्ष सुभाष गुप्ता,मंडी आढ़ती व्यापार मंडल के अध्यक्ष आलोक गुप्ता, समिति के मंत्री अभिषेक कुमार, महामंत्री कोमल सिंह, आढ़तियासंघ के नगर अध्यक्ष अभिषेक यादव विपिन, जिला उपाध्यक्ष बटेश्वरी दयाल प्रजापति, सिंह , आलोक गांगलस, कोषाध्यक्ष ब्रह्मप्रकाश शर्मा,संरक्षक विजय सिंह यादव,प्रमेश पुरवार,पंकज पुरवार,नवीन गुप्ता,पप्पू गुप्ता,सुधीर गुप्ता,पवन गुप्ता,हेमंत गुप्ता,योगेश यादव,सुभाष यादव  गौरव शुक्ला, आदि की अगुवाई में मंडी के ज्यादतार कच्चे पक्के आढ़तिया और सब्जी विक्रेता मंडी समिति कार्यालय के बाहर इकट्ठे हुए थे।
     उनकी  मांग  थी कि उनका ज्ञापन मंडी के सभापति मौजूद होकर लें, इस वजह से वह काफी देर धरने पर भी बैठे रहे।मगर बाद में मंडी सचिव रवि प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपाया  गया।
      सुभाष गुप्ता, अभिषेक विपिन यादव, आलोक गांगलस और बटेश्वरी दयाल प्रजापति ने पत्रकारों से बातचीत करते कहा कि नगर में काफी समय से गल्ला खरीद के अवैध फड़  संचालित हैं। जिनके पास किसानों के उत्पाद को खरीदने के लाइसेंस भी नहीं है। यह लोग कृषि मंडी शुल्क की चोरी  करके सीधी खरीद  करते हैं।
    उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कृषि उत्पादन मंडी समिति के कर्मचारियों और अफसरों  की मिली भगत से संचालित हो रहा है । हर वर्ष करोड़ों रुपए के मंडी शुल्क और राजस्व की चोरी हो रही है। किसानों का भी उत्पाद सरकारी खरीद मूल्य और मंडी रेट से कम दर पर खरीद कर ऐसे फडिया करोड़पति बन गए हैं।
    एक अनुमान के अनुसार जसवंत नगर इलाके में 50 से ज्यादा ऐसे अवैध खरीद फड़ चल रहे हैं।
     सुभाष गुप्ता ने कहा कि यदि शीघ्र ही ऐसे अवैध फंडों को पूर्णतःबंद कराने की पहल न की गई, तो मंडी के व्यापारी उप जिला अधिकारी जसवंत नगर का घेराव करेंगे तथा मंडी में बेमियादी हड़ताल रखकर आंदोलन छेड़ेंगे।
*वेद व्रत गुप्ता
___

Related Articles

Back to top button