डिंपल को समर्थन देने के मुद्दे पर शिवपाल ने दिनभर किया मंथन

*भाई अभय राम और पौत्र तेज प्रताप से की बातचीत

फोटो शिवपाल सिंह यादव तथा मैनपुरी की समाजवादी प्रत्याशी डिंपल यादव और भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य

सैफई/जसवंतनगर (इटावा)। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव को लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को सैफई में रहते हुए डिंपल यादव को समर्थन देने के मुद्दे पर अपने पार्टी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों और करीबियों से दिन भर बैठकें की और उनसे राय मशविरा लिया।

इन बैठकों से पूर्व शिवपाल सिंह यादव ने अपने बड़े भाई अभयराम सिंह यादव से भी बीती शाम करीब डेढ़ घंटे तक वार्ता की। अभयराम सिंह, मुलायम सिंह यादव के तीसरे नम्बर के भाई है। पारिवारिक एकता के लिए वह शुरू से ही प्रयास रत रहे हैं।

बताया गया है मैनपुरी के पूर्व सांसद और स्व मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेज प्रताप सिंह यादव ने भी शिवपाल सिंह यादव और उनके पुत्र आदित्य यादव अंकुर से आज मुलाकात की। करीब एक घंटे तक बैठक कर शिवपाल सिंह से मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में डिंपल यादव को समर्थन देने का अनुरोध किया।

इस लोकसभा उपचुनाव में अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के मुकाबले भाजपा ने रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है। रघुराज सिंह शाक्य के राजनीतिक गुरु के रूप में शिवपाल सिंह यादव प्रसिद्ध है।इसलिए इस उपचुनाव में शिवपाल सिंह का रोल बड़ा ही महत्वपूर्ण हो गया है। वह घर की बहू डिंपल को समर्थन देंगे या रघुराज पर हाथ रखे रहेंगे ?यह महत्वपूर्ण सवाल ही नहीं, राजनैतिक क्षेत्र में इस बात की ओर सबकी निगाहें हैं।

हालांकि मैनपुरी संसदीय क्षेत्र करीब 25 वर्षों से समाजवादी पार्टी का गढ़ है।इस क्षेत्र से मुलायम सिंह यादव सदैव जीतते थे।

उनके निधन से रिक्त हुई इस सीट पर भाजपा ने अपनी निगाहें गढ़ाते हुए विजय का दावा किया है। जातीय गणित के हिसाब से ही उसने रघुराज शाक्य को प्रत्याशी बनाया है और समाजवादी पार्टी उम्मीदवार डिंपल यादव को कड़ी चुनौती देने की योजना बनाई है।

सेफई के एसएस मेमोरियल स्कूल में शिवपाल सिंह दिन भर डेरा डाले रहे । पार्टी जनों से गहन विचार विमर्श किया ।सूत्रों ने बताया कि श्री यादव काफी भावुक थे। वह पिछले सालों में उनके साथ घटी सभी घटनाओं को याद कर रहे थे ।उनके साथ विचार विमर्श में शामिल रहे कुछ करीबियों ने बताया कि आज या कल में शिवपाल सिंह यादव की रामगोपाल यादव,अखिलेश यादव, डिंपल यादव के साथ बैठक होगी, इसके बाद शिवपाल सिंह यादव बाकायदा डिंपल के चुनाव अभियान में जुट जाएंगे।

Related Articles

Back to top button