रघुराज शाक्य मैनपुरी सीट से भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने को लेकर आश्वस्त

*दावा 16 नवंबर को करेंगे नामांकन

फोटो:- जसवंत नगर में रविवार शाम मुस्लिम समाज के बीच रघुराज सिंह शाक्य
-वेदव्रत गुप्ताजसवंतनगर (इटावा)।भारतीय जनता पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा चुनाव को लेकर अभी तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है ,मगर पूर्व सांसद और विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए रघुराज सिंह शाक्य का दावा है कि उनकी टिकट फाइनल हो गई है और वह 16 नवंबर को नामांकन कर सकते हैं।

रविवार देर शाम रघुराज सिंह शाक्य यहां जसवंतनगर में पधारे थे। वह कई घंटे तक लोगों से मिलते रहे। वह 3 दिन पूर्व एक कथित दुर्घटना में मृत्यु के शिकार हुए सभासद मुगीसुद्दीन के घर भी गए। वहां पहुंचकर उन्होंने मृतक के परिजनों को अपनी ओर से सांत्वना प्रकट की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जुड़ आए मुस्लिम समाज के लोगों से भी भेंट की।
विदित हो कि रघुराज सिंह शाक्य की राजनीति समाजवादी पार्टी से ही शुरू हुई थी। उन्हें नेताजी मुलायम सिंह यादव ने युवा उम्र में ही इटावा से संसदीय सीट का चुनाव लड़ाया था ,क्योंकि रघुराज नेताजी के गृह क्षेत्र जसवंत नगर के गांव धौलपुर खेड़ा के निवासी थे। रघुराज सिंह के चाचा धनीराम शाक्य नेताजी के बहुत ही विश्वास पात्र व्यक्ति थे। उन दिनों राम सिंह शाक्य समाजवादी पार्टी में बड़े शाक्य जातीय चेहरा थे।
नेताजी के वरद हस्त से रघुराज सिंह पहली बार में ही लोकसभा का चुनाव जीत गए थे। फिर दो बार वह इटावा के सांसद रहे थे। बाद में वह इटावा सदर सीट के विधायक भी चुने गए थे। नेताजी के जमाने से ही रघुराज सिंह शाक्य, शिवपाल सिंह यादव के बड़े ही करीबी थे। इसलिए जब मुलायम परिवार में विग्रह हुआ और शिवपाल सिंह।और अखिलेश यादव के धड़े अलग अलग हो गए तो रघुराज मजबूती से शिवपाल सिंह यादव का दामन थामे रहे। इसका नतीजा यह हुआ कि जब पिछला विधानसभा चुनाव हुआ और रघुराज ने इटावा से टिकट की दावेदारी की, तो अखिलेश ने शिवपाल सिंह से समझौते के बावजूद रघुराज को विधानसभा चुनाव की टिकट नहीं दिया। बताते हैं कि उस दौरान रघुराज अपने राजनीतिक वर्चस्व को बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी में शामिल।हो गए।।आज प्रदेश के भाजपाई शाक्य नेताओं में उनकी गिनती होने लगी है।
अब जबकि मैनपुरी क्षेत्र का लोकसभा उपचुनाव हो रहा है, तो इस संसदीय क्षेत्र में दूसरे नंबर पर शाक्य बिरादरी के वोट होने के कारण रघुराज सिंह शाक्य का नाम प्रबल दावेदारी के रूप में उभरा है। रविवार शाम रघुराज सिंह जब जसवंतनगर आए ,तो उनके चेहरे पर जिस तरह की चमक दमक थी और वह लोगों से अपने समर्थन के लिए जैसे मिल रहे थे, उससे यह साफ जाहिर हो रहा था कि भाजपा हाईकमान ने उन्हें लोकसभा के।इस उप चुनाव में लड़ने के लिए हरी झंडी दे दी है।
*वेदव्रत गुप्ता

Related Articles

Back to top button