कन्नौज: पोषण आहार उत्सव में जिला पंचायत अध्यक्ष ने महिलाओ को दिया पौष्टिक आहार

 

प्रज्ञेश प्रकाश भट्ट

कन्नौज। प्राथमिक विद्यालय नगला लक्षीराम स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित पोषण आहार उत्सव में जिला पंचायत सदस्य प्रिया शाक्य ने कहा पोषण एक बुनियादी मानवीय आवश्यकता है जो स्वस्थ जीवन जीने के लिए जरूरी है। संतुलित आहार बच्चों व उनकी मां के ग्रोथ, विकास एवं सक्रिय जीवन के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुपोषण दूर करने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों की सेवाओं का उन्नयन किया है। केंद्र पर आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के जरिए माताओं व अभिभावकों को ऊपरी आहार के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया जाता है। उन्होंने कहा जन्म से छह माह तक बच्चे के लिए मां का दूध ही संपूर्ण आहार माना जाता है लेकिन छह माह के बाद बच्चे को मां के दूध के साथ ऊपरी आहार की भी जरूरत होती है क्योंकि बच्चे की लंबाई, वजन व मांस के साथ उसके अंगों में भी वृद्धि होती है। साथ ही उसका मानसिक विकास भी होता है। बच्चे के बड़े होने के साथ उसकी गतिविधियां जैसे पलटना, रेंगना खड़ा होना व चलना आदि बढ़ने लगती हैं। इन सभी गतिविधियों के लिए बहुत सारी कार्बोहाइड्रेट, वसा, प्रोटीन, विटामिन व खनिज की जरूरत होती है जो पूरक आहार से ही पूरी हो सकती है। इस अवसर पर उन्होंने 7 माह से 3 वर्ष तक के 62 बच्चों के लिए 1-1 किलो दाल, 3 से 6 वर्ष तक के 60 बच्चों के लिए आधा किलो दाल और 10 गर्भवती व 10 धात्री महिलाओं के लिए 1 किलो दाल व आधा किलो रिफाइंड आयल का वितरण किया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकत्री गीता गुप्ता, सहायिका मीरा देवी, मंजू, रजनी, राजकुमारी, सोमप्रभा, संगीता, सुधा, लक्ष्मी, शिवा, प्रियंका, रश्मि, रेखा, देवकी व मीना आदि लाभार्थी मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button