जसवन्तनगर में निकाली गई भव्य ” बाबा खाटू श्याम जी ” की शोभायात्रा

 *प्रोफेसर बृजेश चंद्र ने किया  उद्घाटन

फोटो :- खाटू श्याम शोभा यात्रा का पूजन कर उद्घाटन करते प्रो  ब्रजेश चंद्र यादव, शोभायात्रा में राधा कृष्ण की झांकी
जसवंतनगर (इटावा)। भगवान कृष्ण के इस कलियुग में जीवंत अवतार के रूप में पूजे जाने वाले भगवान “खाटू श्याम बाबा” की सोमवार को भव्य शोभा यात्रा यहां नगर के मोहल्ला मोहन की मढैया से  निकाली गई।

इस शोभा यात्रा का उद्घाटन पूर्व ब्लाक प्रमुख और सेवानिवृत  प्रोफेसर डॉक्टर बृजेश चंद्र यादव ने शोभा यात्रा के रथ  का फीता काटकर और  रथ पर  विराजमान खाटू श्याम जी महाराज की प्रतिमा का अनावरण और पूजा अर्चना करके किया।

इस अवसर पर मौजूद पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार, व्यापार मंडल जसवंत नगर के अध्यक्ष और विराट होटल के मालिक रामकुमार गुप्ता तथा खाटू श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष श्याम सिंह आदि ने प्रोफेसर ब्रजेश यादव का तिलक वंदन और प्रतीक चिन्ह देकर  स्वागत किया।

   खाटू श्याम असल में भीम के पोते और घटोत्कच के बेटे बर्बरीक हैं। इन्हीं की खाटू श्याम के रूप में पूजा की जाती है। बर्बरीक में बचपन से ही वीर और महान योद्धा के गुण थे और इन्होंने भगवान शिव को प्रसन्न कर उनसे तीन अभेद्य बाण प्राप्त किए थे। इसी कारण इन्हें तीन बाण धारी भी कहा जाता है। आज कल देश भर में बाबा खाटू श्याम की महता हर जगह है।
 शोभा यात्रा के  अवसर पर सांसद डिंपल यादव के प्रतिनिधि रहे हाजी शमीम अहमद, प्रधानाचार्य के के कनौजिया के अलावा खाटू श्याम सेवा समिति और गमा देवी मंदिर मोहन मढैया के सदस्य गण प्रेम सिंह  शाक्य के अलावा  ईश्वर दयाल शाक्य  आदि भी मौजूद थे।
    इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर बृजेश यादव ने कहा कि इस तरह की शोभा यात्राएं निकालकर लोगों में आपसी प्रेम और  सौहार्द तथा धर्म के प्रति आसक्ति को प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने खाटू श्याम शोभा यात्रा निकालने के लिए सभी को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि मोहल्ला मोहन की मढैया से पिछले 3 वर्षों से खाटू श्याम की शोभा यात्रा निकाली जा रही है।
     शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में भक्तगण अपने हाथों में ध्वजाये लिए थे।  राधा कृष्ण और गोपियों का नृत्य करते हुए रोड शो के साथ खाटू श्याम हमारा सबका है आदि नारे गूंज रहे थे। खाटू श्याम की यह शोभायात्रा बाद में पूरे लुदपुरा में भ्रमण करती हुई नगर में निकलने वाली गणेश बारात शोभा यात्रा में सम्मिलित हो गई और पूरे नगर में  भ्रमण पर रही।
_____
*वेदव्रत गुप्ता

Related Articles

Back to top button