रामलीला महोत्सव में इस बार पहली बार 9  दिवसीय राम कथा  आयोजित होगी

   *पधारेंगी कथावाचिका कृष्णप्रिया पूजा दीदी     *25 अक्टूबर को भंडारा

   फोटो: पधारने वाली कथा वाचक कृष्णप्रिया  पूजा दीदी
________
जसवंतनगर(इटावा)। यहां के रामलीला महोत्सव को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ने लगा है। इस वर्ष 1 अक्टूबर से लेकर 24 अक्टूबर तक नगर में ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध मैदानी रामलीला का आयोजन होगा।
      रामलीला आयोजन में 1 अक्टूबर से 14 अक्तूबर तक राम की लीलाएं तो होंगी ही, इस बार रामलीला महोत्सव समिति ने पहली बार 9 दिवसीय “राम कथा” का आयोजन भी रामलीला मैदान में रखा है।
       रामलीला महोत्सव के प्रबंधक राजीव गुप्ता “बबलू” और संयोजक तथा क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव  के विधायक प्रतिनिधि ठाकुर अजेंद्र सिंह गौर ने बताया है कि इस नौ दिवसीय राम कथा में ‘ कृष्णर्पण सेवा धाम आश्रम’ की सारे देश में प्रसिद्ध और चर्चित कथा  वाचिका पूज्य “श्री कृष्ण प्रिया पूजा दीदी” जी प्रवचनों के लिए पधार रहीं है।
        राम कथा रामलीला मैदान में 16 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी। इसके लिए रामलीला कमेटी व्यवस्थित पंडाल और बैठने की व्यवस्था महिलाओं और पुरुषों के लिए कर रही है।
    राम कथा का प्रारंभ 16 अक्टूबर को कलश यात्रा के साथ होगा।  इस दिन कथा वाचिका पूजा दीदी द्वारा अपने प्रवचन शुरू किए जाएंगे। पहले दिन 16 अक्टूबर ,बुधवार को मंगलाचरण और भारद्वाज मुनि संवाद कथा होगी।
दूसरे दिन 17 अक्टूबर को सती चरित्र शिव पार्वती विवाह की कथा,तृतीय दिवस,18 अक्टूबर को भगवान राम का जन्मोत्सव की कथा होगी।
     इसी प्रकार चौथे दिन 19 अक्टूबर को भगवान राम की बाल लीलाएं, अहिल्या उद्धार, धनुष भंग, राम जानकी विवाह महोत्सव की कथा, पांचवें दिन 20 अक्टूबर को भगवान राम का वनवास, केवट संवाद एवं भरत मिलाप का कथा पूजा दीदी सुनाएगी। छठवें दिन 21 अक्टूबर को सीता हरण, हनुमान  सुग्रीव मिताई, मारीच रावण वार्ता की कथा, सातमें दिन  22 अक्टूबर को  सुंदर काण्ड की कथा  का प्रवचन होगा। आठवें दिन 23 अक्टूबर को रामेश्वर प्रतिष्ठा कथा तथा रावण वध और लंका विजय का वर्णन होगा। नवमें दिन 24 अक्टूबर को भगवान राम के अयोध्या आगमन राज्याभिषेक के साथ कथा का विश्राम होगा। 25 अक्टूबर को महाप्रसाद का वितरण होगा।
      राजीव गुप्ता बबलू और अजेंद्र सिंह गौर ने लोगों से बड़ी संख्या में राम कथा सुनने को आने की अपील की है।पी
______
   *वेदव्रत गुप्ता

Related Articles

Back to top button