जसवंतनगर की ऐतिहासिक रामलीला का कार्यक्रम हुआ घोषित, 10 दिन रामकथा

*तीन दिनों तक चलेगा नगर की सड़कों पर राम रावण दलों में युद्ध *13 अक्टूबर को होगा दशहरा

फोटो :- रामलीला समिति के पदाधिकारी राजीव गुप्ता बबलू और ठाकुर अजेंद्र सिंह गौर रामलीला महोत्सव 2024 का कार्यक्रम विस्तार से बताते
_________
जसवंतनगर (इटावा)। विश्व प्रसिद्ध और  प्रथम मैदानी रामलीला के रूप  में प्रख्यात जसवंतनगर  की रामलीला का 24 दिवसीय कार्यक्रम मंगलवार को रामलीला समिति प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू और संयोजक ठा.अजेंद्र सिंह गौर ने  विधिवत घोषित कर दिया।
        रामलीला समिति के इन दोनों पदाधिकारियों ने बताया है कि 25 दिवसीय कार्यक्रम में  कुल मिलाकर 14 दिनों तक भगवान राम की लीलाओं का प्रदर्शन परंपरागत रूप से किया जाएगा। इसके अलावा इस वर्ष 10 दिवसीय राम कथा और ब्रज की झांकियां का मनमोहक कार्यक्रम भी रामलीला मैदान में आयोजित होगा।
     उन्होंने बताया है कि रामलीला मेले की शुरुआत 1 अक्टूबर से होगी। हालांकि उससे पहले  “गणेश  बारातोत्सव समिति”  द्वारा नगर में 30 सितंबर को भगवान गणेश की  शोभायात्रा में निकाली जाएगी।
    1 अक्टूबर की रात में धनुष भंग और लक्ष्मण -परशुराम संवाद का कार्यक्रम  मंचीय और रामलीला मैदान में  आयोजित होगा। 2 अक्टूबर को भव्य रामबारात रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गो से गुजरेगी।
4 अक्टूबर को भगवान राम के वनवास की लीला सब्जी मंडी स्थित तालाब मंदिर पर आयोजित होगी। इसके बाद 5 अक्टूबर से लेकर 13 अक्टूबर तक सभी लीलाएं रामलीला मैदान में मैदानी लीलाओं के रूप में प्रदर्शित की जाएगी।
     इन लीलाओं में 5 अक्टूबर को भरत मनौआ, भरत मिलाप, 6 अक्टूबर को जयंत की आंख फूटना, विराध राक्षस का वध तथा 7 अक्टूबर को  सुपर्णखा की नाक कटेगी और खरदूषण वध के बाद रावण और  मारीच के बीच वार्ता प्रदर्शित होगी। 8 अक्टूबर को  मामा मारीच का वध ,सीता हरण, कबंध वध, सुग्रीव मिलाई की लीलाएं तथा 9 अक्टूबर को  बालि वध, रावण-हनुमान संवाद, लंका दहन, अक्षय कुमार वध की लीलाएं होगी।
  10 अक्टूबर को सेतु बांधना ,रावण – अंगद संवाद, लक्ष्मण शक्ति की लीलाएं आयोजित की जाएगी।
         प्रबंधक राजीव बबलू और संयोजक अजेंद्रसिंह गौर ने जानकारी दी कि  इस वर्ष भी तीन दिनों तक नगर की सड़कों पर राम और रावण के दलों के बीच युद्ध का प्रदर्शन होगा।
     11 अक्टूबर को नगर की सड़कों पर युद्ध करते हुए रामलीला मैदान से  राक्षस अतिकाय, रावण का भाई कुंभकरण  का युद्ध फिर दोनों के वध की लीला होगी। 12 अक्टूबर को इसी तरह नगर की सड़कों पर युद्ध करते राक्षस दुर्मुख, रावण पुत्र मेघनाथ निकलेंगे और रामलीला मैदान में मेघनाथ द्वारा नाग फांस ,मेघनाथ का वध, सती सुलोचना वार्ता लीलाएं आयोजित होगी।
         जसवंत नगर की रामलीला में हर वर्ष पंचक लगने पर ही रावण का वध होता है, इसलिए 13 अक्टूबर को दशहरा मनेगा और सड़कों और रामलीला मैदान जसवंत नगर में युद्ध करते नारायणतक  अहिरावण  और लंकेश रावण के वध की रोमांचक लीलाएं आयोजित होगी।
       14 अक्टूबर को भरत मिलाप के साथ भगवान राम अपने दल के साथ नगर भ्रमण करेंगे। इसी दिन रात में “शंकर बारातोत्सव समिति”  द्वारा  भगवान शंकर की नगर में भव्य बारात निकाली जाएगी।
               15 और 16 अक्टूबर को रामलीला मैदान में ग्रामीणों की पसंदगी का कार्यक्रम ढोला पार्टी का  आयोजन होगा।
   रामलीला समिति इस वर्ष 10 दिनो तक रामलीला महोत्सव में “राम कथा का आयोजन” रामलीला मैदान में करवाने जा रही है। यह राम कथा कलश यात्रा के साथ 16 अक्टूबर को आरंभ होगी। उसी दिन रात में कटरा पुख्ता में भगवान राम का राजतिलक तथा रामलीला मैदान में काला जादू का कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
      रामलीला के इन पदाधिकारियो ने बताया है कि राम कथा का आयोजन 16 अक्टूबर से लेकर 24 अक्टूबर तक दिन में 3:00 बजे से होगा।  ब्रज की मनमोहक झांकियों  का भी रोजाना प्रदर्शन किया जाएगा।
 राम कथा के समापन को लेकर 25 अक्टूबर को प्रसाद वितरण एवं भंडारा आयोजन रामलीला मैदान में होगा।
    26 अक्टूबर की रात   चिरप्रतीक्षित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन रामलीला मैदान के मंच पर किया जाएगा। जिसमें देश के लब्धप्रतिष्ठित काव्य हस्ताक्षर पधारेंगे।
_____
“वेदव्रत गुप्ता

Related Articles

Back to top button