गिरफ्तार हत्यारोपी बेटे ने कहा,मेरे बाप की मेरी बीबी पर थी, बुरी नजर

     
_________
जसवंतनगर (इटावा)। नगर के मोहल्ला रेल मंडी की हनुमान गली में शुक्रवार शाम अपने घर में मृत पड़े मिले 50 वर्षीय दर्शन सिंह राठौर की हत्या की गुत्थी सुलझाने का पुलिस प्रशासन ने दावा किया है। पुत्र ने ही पिता की हत्या की थी। पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
     

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने प्रेस वार्ता करके बताया है कि दर्शन सिंह राठौर की हत्या उसके बेटे अमित कुमार ने ही की थी। शव बरामदगी के 8 -10 घंटे के अंदर अंदर  पुलिस ने जसवंतनगर में ही  हत्याभियुक्त अमित को गिरफ्तार कर लिया गया।       अमित ने अपने बाप की हत्या करने के लिए पहले उसे नींद की सात-आठ गोलियां खिलाई थी और बाद में सोते में कुल्हाड़ी से प्रहार करके उसकी हत्या कर दी थी। 

        पुलिस कप्तान के अनुसार दर्शनसिंह की हत्या को लेकर उनके साले राजेश कुमार पुत्र आशाराम निवासी बरौली, लखना ,थाना  लवेदी ने शुक्रवार शाम को ही तहरीर दी थी।  अपने भांजे और  मृतक दर्शन सिंह के बेटे अमित कुमार पर हत्या करने का आरोप लगाया था।  थाना जसवंतनगर में शुक्रवार शाम को ही धारा 302 में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया था। साथ ही 50 वर्षीय मृतक दर्शन सिंह राठौर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।                                 मुकदमा पंजीकृत होने के बाद पुलिस के आला अफसरो के निर्देश पर थाना प्रभारी जसवंतनगर कपिल दुबे और उनके हमराही  कांस्टेबलस मनोज कुमार, हिमांश कुमार व छोटेलाल आरोपी  हत्याभियुक्त अमित कुमार की तलाश में जुट गए थे और रात 2:00 बजे जसवंत नगर के कचौरा बाईपास पर कहीं भागने की फिराक में खड़े अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी ही शिनाख्त पर  हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद  कर ली गई।
      हत्यारोपी बेटे अमित कुमार ने पुलिस में बयान दिया है कि उसका  बाप दर्शनसिंह राठौर चरित्र हीन था।उसकी पत्नी (पुत्रवधू) को बुरी नजर से देखता था। इस वजह से मेरे और पिता के बीच एक घर में रहते हुए भी काफी मनमुटाव था।
    अमित ने यह भी बताया है कि वह बेरोजगार है तथा वह चाहता था कि उसका पिता दर्शन सिंह आगरा में पड़े प्लाट को बेच दे, ताकि वह कुछ काम कर सके, मगर पिता इसे बेचने को कदापि राजी नहीं था। इस वजह से भी उसे पिता की हत्या करने को बाध्य होना पड़।
    उसके अनुसार उसकी मां 8 दिन पूर्व जब मायके चली गई, तो उसने  पिता की हत्या की योजना बनाई और अपनी पत्नी- बच्चों  को मायके भेज दिया।  शव मिलने के दो दिन पूर्व रात को गोलियां खिलाकर पिता को बेसुध करने के बाद उन पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे पिता की मौत हो गई। उसके बाद घर की कुंडी  भीतर से बंद करके वह छत होकर घर से निकल गया था और अपने ननिहाल पहुंचा था। मां को  वहां से लेकर जब जसवंत नगर आया, तब तक पिता का शव बरामद हो चुका था, इसलिए वह फरार हो गया था। 
____
 फोटो :- हत्यारोपी के पकड़े जाने पर प्रेस वार्ता करते एसएसपी संजय कुमार वर्मा, इनसेट में हत्याभियुक्त अमित कुमार
     

Related Articles

Back to top button