मुख्यमंत्री योगी द्वारा विधायक “शिवपाल सिंह” के खिलाफ दिए गए बयान से रोष

*चुनाव में भाजपा को हराकर बदला लेंगे

  • जसवंतनगर (इटावा)। मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में जसवंतनगर क्षेत्र ऐसा विधानसभा क्षेत्र है, जिससे कुल मिलाकर 13 बार अब तक मुलायम सिंह यादव अथवा उनके छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव विधायक का चुनाव जीते हैं।
    मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में यह क्षेत्र बहुत ही महत्वपूर्ण है। पिछले लोकसभा उपचुनाव में अकेले इस क्षेत्र ने सपा की डिंपल यादव को सांसद बनाने में 1लाख 6हजार वोटो का रिकॉर्ड योगदान था।
    जसवंत नगर क्षेत्र के महत्व को देखते हुए ही गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी ठाकुर जयवीर सिंह के समर्थनमें प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी सभा करने आना पड़ा था ।

    मैनपुरी क्षेत्र में इस बार भी सपा ने अपने प्रत्याशी के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की धर्मपत्नी डिंपल यादव को ही मैदान में उतारा है। डिंपल यादव को कड़ी चुनौती देने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह को मैदान में उतारा गया है।

    मुख्यमंत्री योगी ने रामलीला मैदान जसवंतनगर में अपने भाषण के दौरान बैठे बिठाए सपा को एक मुद्दा दे गए। यह मुद्दा और कुछ नहीं, बल्कि धार्मिकता और शिवपाल सिंह यादव की प्रतिष्ठा से जुड़ा मुद्दा है। शिवपाल सिंह यादव लगातार 6 बार से यहां के विधायक चुने जा रहे हैं। लोकप्रियता भी उनकी बढ़ी चढ़ी है। शिवपाल सिंह के प्रति टिप्पणी करने से यहां के मतदाताओं में क्या प्रक्रिया हो सकती है, यह स्वयं मुख्यमंत्री ने शायद ही सोचा होगा।

    सीएम योगी ने अपने भाषण में कहा कि शिवपाल सिंह यादव तो सत्यनारायण व्रत कथा के ऐसे यजमान भर है, चूरन बांटने और चाटने वाले नेता भर रह गए है।
    उन्हें चूरन चाटने वाला नेता कहकर जसवंतनगर क्षेत्र से जुड़े हजारों मतदाताओं और उनके अपने करीबियों में रोष फैलना स्वाभाविक है। अपने अजीज नेता को चूरन चाटने वाला कहने पर कड़ी प्रतिक्रिया हुई है।
    सत्यनारायण व्रत कथा में पंजीरी बांटी जाती है, चूरन चटनी कहां से आ गई? लोग यह सवाल कर रहे हैं। इसे असंसदीय टिप्पणी माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने जो कहा उसको लेकर यहां के मतदाता इस चुनाव में क्या प्रतिक्रिया मतदान में करने वाले हैं, यह तो मैनपुरी सीट का चुनाव परिणाम आने पर ही पता पड़ेगा।मगर मुख्यमंत्री के बयान पर अनेक लोगों ने तीखी टिप्पणी की है। कहा है कि मुख्यमंत्री जैसे पद पर सुशोभित योगी जी को इस तरह की भाषा अपने भाषण में प्रयोग नहीं करनी चाहिए थी।
    सामाजिक कार्यकर्ता प्रोफेसर (डॉ) धर्मेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री के बयान पर कड़ी टिप्पणी करते कहा है कि चुनाव में आरोप प्रत्यारोप चलते है,मगर शिवपाल सिंह जैसे व्यक्तित्व की खुले मंच से मजाक उड़ाना संवैधानिक दायरे में कदापि नहीं आता।शिवपालसिंह की लोकप्रियता हर चुनाव में भाजपा के मंसूबों को नाकाम करने के लिए काफी है।
    मुख्यमंत्री योगी द्वारा उनका मजाक उड़ाकर चूरन बांटने वाला, खाने वाला सत्यनारायण कथा का यजमान बताना समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए असहनीय है।
    मुख्यमंत्री जान लें कि समाजवादी पार्टी धर्मनिरपेक्ष, समता वादी विचारधारा की पोशक व अनुशासन प्रिय पार्टी है। शिवपाल सिंह का मजाक उड़ाया है ,तो यह समझ में आता है कि आप एक यजमान को भी उचित सम्मान देना नहीं जानते। यजमान जो दक्षिणा देता है, किंतु आपकी भाषा में चूरन बांटने वाला बताकर कर यजमान शब्द का घोर अपमान और मजाक उड़ाया गया है। यह धर्म, समाज तथा हद दर्जे का अपमान है।
    समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष रामवीर सिंह यादव ने मुख्यमंत्री के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि चुनाव का समय है मुद्दों की बात मुख्यमंत्री को करनी चाहिए थी, उन्होंने शिवपाल सिंह जैसे लोकप्रिय नेता पर गलत बयान बाजी करके यहां के मतदाताओं का अपमान किया है क्योंकि शिवपाल सिंह यादव जसवंत नगर क्षेत्र के मतदाताओं की आंखों के तारा रहे है इसी वजह से वह लगातार छह बार से विधानसभा जसवंत नगर का चुनाव जीत रहे है।
    समाजवादी पार्टी के समर्थक और प्रमुख सब्जी आढती मोहम्मद नबी ने कहा है कि हमारे विधायक शिवपाल सिंह यादव पूरे प्रदेश के लाडले विधायक हैं वह चूर्ण चाटने वाले या यजमान भर नहीं है बल्कि विकास पुरुष कहिए और उन्होंने जसवंत नगर इलाके का जो विकास किया है उतना मुख्यमंत्री भी अपने गोरखपुर क्षेत्र का नहीं कर पाये होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की बयान बाजी से जसवंत नगर के मतदाता वैसे भी भाजपा को वोट नहीं देते हैं अब तो किसी भी कीमत पर वोट नहीं देंगे और सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को इस बार एक बड़ी लीड देंगे।
    समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और प्रमुख युवा नेता जितेंद्र यादव उर्फ मोना यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इतने बड़े पद पर सुशोभित होने के बावजूद अपनी भाषा पर न जाने क्यों लगाम नहीं लगाते। विधान सभा में भी उन्होंने हाल में अखिलेश यादव से “तेरे बाप” जैसे शब्द का प्रयोग करके अपने पद की गरिमा गिराई थी। उन्होंने कहा कि जसवंत नगर का बच्चा-बच्चा शिवपाल सिंह यादव से नजदीकी जुड़ाव रखता है। वह सभी के काम आते रहे हैं। उनके प्रति मुख्यमंत्री द्वारा की जाने वाली बदबयानी हार रही भाजपा को और बड़े अंतर से हराएगी।
    नगर पालिका जसवंत नगर के पूर्व उपाध्यक्ष और वरिष्ठ मुस्लिम नेता हाजी मोहम्मद अहसान ने कहा कि शिवपाल सिंह यादव हम सबके महबूब नेता सदैव से रहे है उन्होंने मुलायम सिंह के पद चिन्हों पर चलकर समाजवाद को मजबूत करने का काम किया है तथा वह जब भी सत्ता में रहे न केवल जसवंत नगर में विकास के कामों की झड़ी लगाई बल्कि पूरे प्रदेश में बिजली और पीडब्ल्यूडी विभाग के मंत्री के रूप में विकास की झड़ी लगाई। मोहम्मद अहसान ने कहा कि आगामी 7 मई को होने वाली लोकसभा चुनाव में जसवंत नगर के मतदाता मुख्यमंत्री द्वारा हमारे विधायक का किए गए अपमान का बदला अवश्य लें।
    जसवंतनगर क्षेत्र के बुद्धिजीवियों और गण्यमान्य लोगों ने भी मुख्यमंत्री के बयान की मुखालफत की है।

    फोटो:- क्रमशः डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार, रामवीर सिंह यादव, मोहम्मद नवी, जितेंद्र सिंह मोना, हाजी मोहम्मद एहसान

    _____

  • Related Articles

    Back to top button