रिसर्च प्रोफेसर ने जसवंतनगर में “जाम” को लेकर प्रशासन को भेजा ज्ञापन

      * यातायात पुलिस बूथ की मांग की     *कई अन्य सुझाव भी दिए

फोटो:- जसवंतनगर इस तरह रहती है जाम की स्थिति, इनसेट में  प्रो धर्मेंद्र कुमार
____
       जसवंतनगर(इटावा)। सामाजिक कार्यकर्ता और रिसर्च प्रोफेसर डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार ने जसवंत नगर की प्रमुख सड़कों व चौराहों पर आए दिन जाम की समस्या के विकराल रूप धारण करने, जनजीवन अस्त व्यस्त रहने तथा  छात्र- छात्राओं के घंटों जाम में फंसे रहने को लेकर जिला प्रशासन का ध्यानकृष्ट करते जाम निस्तारण हेतु अनेक सुझाव और मांगपत्र प्रेषित किया हैं।
       
उन्होंने दुकानदारों-व्यापारियों द्वारा सड़कों की सीमा पर किए गए अवैध कब्जों और नालियों से बाहर पटरियों पर कब्जा  को अतिक्रमण मुक्त कराने को जनहित और नगर हित में आवश्यक  बताया है।स्कूल वाहनों को प्रबंधकों के साथ बैठक कर एक तरफ से ही नगर में प्रवेश की इजाजत प्रदान करने की प्रबल मांग की है।
     श्री धर्मेंद्र कुमार ने सुबह 7 बजे से सायं 7 बजे तक नगर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूपेण वर्जित किये जाने की प्रबल मांग की है। ऑटो रिक्शा- बैटरी रिक्शा  के लिए नगर पालिका संग बैठक कर स्थाई -अस्थाई स्टैंड निर्धारित किया जाना नितांत आवश्यक बताया है।
       हथठेलों तथा मझोले फड़ व्यापारियों को मुख्य सड़क के बाद स्थान निर्धारित किए जाने का सुझाव दिया है। दुकानों के सामने दो पहिया- चार पहिया वाहनों को घंटों खड़ा रखने को प्रतिबंधित किया जाए।        
       उन्होंने जसवंतनगर में शुक्रवार को हाइवे चौराहा पर स्थापित किए गए पिंक पुलिस बूथ की तर्ज पर “यातायात पुलिस बूथ” का निर्माण  भी नगर हित और जनहित में अनिवार्य बताया है ,ताकि नगर एवम् सड़कों तथा मुख्य चौराहों पर यातायात नियमों का पालन कराते हुए नगर को जाम मुक्त बनाया जा सके।
         उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी,  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी,क्षेत्राधिकारी पुलिस, थानाध्यक्ष, अधिशाषी अधिकारी तथा नगर पालिका परिषद जसवंत नगर को इस संबंध में  मांगपत्र की प्रतियां प्रेषित की हैं
______
*वेदव्रत गुप्ता

Related Articles

Back to top button