राजनीतिज्ञों का काम धर्म की दुकान चलाना नहीं:शिवपाल सिंह

*संत महात्मा और पुजारी करें धर्म का काम      *राहुल गुप्ता को सौंपाया गया नगर सपा का दायित्व       *मायावती अब दौलत की बेटी       *पार्टी जनों ने किया जोरदार स्वागत

_______
फोटो:- सपा कार्यालय जसवंत नगर में संबोधित करते शिवपाल सिंह यादव और उनका स्वागत करते राहुल गुप्ता ,मोहम्मद अहसान आदि
_____
________

      जसवंतनगर (इटावा)  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और जसवंतनगर के विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि राजनीतिक पार्टियों का काम धर्म और धार्मिक कार्यों में संलिप्त होना नहीं है। उन्हे जनता की सेवा और जनसमस्याओं को हल करना चाहिए। अगर वह सत्ता में है, तो देश और प्रदेश की ज्वलंत समस्यायों का निवारण कर राष्ट्र को  विकासशील राष्ट्र बनाने में पूरी ताकत लगाना चाहिए।

    श्री यादव गुरुवार को यहां नगर में  समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बड़ी संख्या में जुटे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं, सेक्टर व बूथ प्रभारियों और पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। 
     उन्होंने नगर समाजवादी पार्टी के चौथी बार अध्यक्ष बनाए गए राहुल गुप्ता और  समाजवादी पार्टी की जिला कार्यकारिणी में शामिल किए गए जसवंत नगर इलाके के  पदाधिकारियों को दायित्व सौंपते बधाई दी   तथा अपनी अपनी जिम्मेदारी पूरी मेहनत और लगन से निभाने का आह्वान किया।
      श्री यादव लगभग 7 वर्ष के अंतराल के बाद पार्टी कार्यालय पर पहुंचे थे   उनके साथ उनके पुत्र जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष आदित्य यादव “अंकुर”, जिला सपा अध्यक्ष प्रदीप शाक्य “बबलू”,प्रमुख महासचिव वीरू भदोरिया, अनिल प्रताप सिंह यादव,विद्याराम यादव,  रामवीर सिंह यादव,सत्यवती यादव आदि भी पधारे थे ।
     राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अपने 35 मिनट लंबे उद्बोधन में भारतीय जनता पार्टी पर तीखे हमले बोले और कहा कि इस पार्टी ने सत्ता में रहकर केवल झूठ ,फरेब बेईमानी , बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ाया है।भगवान राम के नाम पर लोगों की धार्मिक भावनाओं को भड़काने का काम किया है। उन्होंने कहा कि संतों, महात्माओं और पुजारी का काम धर्म में संलग्न होना है, हम  राजनीतिज्ञों के लिए तो जनता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
    वह बोले कि भारतीय जनता पार्टी ने लोगों को15 लाख रुपए उनके खातों में देने तथा हर वर्ष 2 करोड लोगों को नौकरियां देने का वादा किया था मगर इटावा में ही देखा जाए, तो किसी को भी नौकरी नहीं मिली है। नौकरियां खत्म कर दी गई है। संविदा पर लोगों को रखकर उन्हें मजदूरों से भी कम तनख्वाह 8 हजार रुपए माह पर संविदा में  काम दिया जा रहा है, जिससे लोग पेट तो क्या बिजली का बिल भी नही भर सकते।श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग विकसित भारत यात्रा के नाम पर अपने पार्टी के प्रचार में अफसरों का उपयोग कर रहे हैं। उनकी सत्ता के दौरान किसी भी गांव के लिए अब तक कोई विकास की योजना नहीं बनाई गई है।
    उन्होंने मौजूद पार्टी जनों से कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने समाजवाद को बहुत ऊंचाई पर पहुंचाया था । उनकी वजह से इटावा सहित उत्तर प्रदेश के कई जिले समाजवादी जिलों के रूप में गिने जाते थे। आज हम सबको नेताजी द्वारा जलाई गई समाजवाद की अलख को आगामी चुनाव में बहुत प्रखर करना है । भाजपा का सफाया करने में जुट जाना है              उन्होंने कहा कि अब पार्टी संगठन का हर स्तर पर विस्तार हो गया है, इसलिए सेक्टर  और बूथ प्रभारी तथा नगर और जिला कार्यसमिति में शामिल सभी पदाधिकारी को घर-घर द्वार जाकर पार्टी को मजबूत करने में आज से ही जुट जाना चाहिए ।
   उन्होंने कहा कि बहुत दिनों बाद पार्टी कार्यालय में  वह यहां पधारे हैं। अब वह अक्सर यहां आकर बैठकैं करेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव में हर हालत में भाजपा को हराने का काम करेंगे।
     वरिष्ठ सभासद राजीव यादव के  कुशल संचालन में आयोजित इस  कार्यक्रम में आदित्य यादव ने संबोधित करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से आगामी  लोक सभा चुनाव के लिए अभी से जुट जाने की अपील की। 
     जिला सपा अध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह का स्वागत करते, उन्हें भरोसा दिलाया कि इटावा जिले से जुड़ी दोनो लोक सभा सीटें समाजवादी पार्टी  ही इस बार जीतेगी।
      पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने बहुजन समाज पार्टी और मायावती पर हमला बोलते कहा कि यह पार्टी अब  दलितों की पार्टी नहीं रही है और मायावती केवल दौलत की बेटी बन गई है।
      शिवपाल सिंह यादव का भव्य स्वागत
______________
   कई वर्षों के अंतराल के बाद जसवंत नगर के समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचे सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह का पार्टीजनों ने भव्य स्वागत किया। भीषण सर्दी के बावजूद कार्यालय खचाखच भरा था। 
     सबसे पहले नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, प्रोफेसर बृजेश चंद यादव, पालिकाध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार, विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ प्रताप सिंह सोनू यादव ठाकुर अजेंद्र सिंह गौर,  पूर्व ब्लाक प्रमुख अनुज मोंटी यादव,  जिला पंचायत सदस्य भुजवीर सिंह यादव,अनिलप्रताप सिंह यादव,विद्याराम यादव सत्यवती यादव,  मोना यादव,विनोद यादव, हाजी मोहम्मद अहसान ने उनका स्वागत किया।
     राजपाल सिंह यादव गढ़ी, खन्ना यादव, विनय पांडे,  अभिषेक गांगलस,  राशिद सिद्दीकी, मोहम्मद जहीर, सभासद मोहम्मद फारुख, दिलीप कुमार, हेमू शाक्य, शेष कुमार बिल्लू यादव, सुधीर यादव, सत्यभान शंखवार, मोहम्मद फैजान, के अलावा शाहबुद्दीन कुरेशी, अभिषेक यादव,कृष्णा यादव, गोपाल गुप्ता,रतन पांडे, मोहित शंखवार, सूरज सिंह शाक्य आदि ने भी शिवपाल सिंह यादव, आदित्य यादव, प्रदीप शाक्य बबलू,विधान सभा ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह यादव, राहुल गुप्ता को फूल मालाओं से लाद  दिया। 
*वेदव्रत गुप्ता
_____

Related Articles

Back to top button