होमगंज गुड मंडी में दो हजार से ज्यादा संत महात्माओं को कराया गया “खिचड़ी भोज”
*50 वर्षों से चल रहा यह आयोजन *गर्म वस्त्रों का भी वितरण

फोटो:- गुड मंडी में गुड व्यवसाई शीपू – दीपू फर्म द्वारा आयोजित खिचड़ी भोज में संत महात्मा भोज करते हुए तथा उन्हें वस्त्र प्रदान किए जाते हुए
____
जसवंतनगर(इटावा)। नगर में पिछले 40-50 वर्षों से गुड मंडी होमगंज में आयोजित होने वाले खिचड़ी वितरण समारोह में सोमवार को 2000 से ज्यादा संतो को खिचड़ी भोज जिमाया गया। गर्म वस्त्र भी वितरित कर शीत लहर के इस मौसम से उन्हे राहत दी गई।
नगर के गुड़ मंडी निवासी फर्म शीपू दीपू गुप्ता गुड़ वालों की ओर से यह आयोजन मकर संक्रांति पर हर वर्ष किया जाता है। खिचड़ी भोज का निर्माण सुबह से ही विशाल कढ़ाहे में शुरू किया जाता है। इस खिचड़ी भोज में बहुत से श्रद्धालु और दानदाता आकर अपनी ओर से घी और फल सब्जियां डालते हैं।
इस बीच दूर-दूर से आकर संत-महात्मा और गरीब लोग गुड मंडी में एकत्रित होते हैं। सवेरे से पधारने वाले इन महात्माओं को चाय नाश्ता भी कराया जाता है।
दिन में 1 बजे के आसपास खिचड़ी भोज प्रारंभ होता है, तो कतारबद्ध भोज की पांत में बैठकर संत महात्मा भोला भंडारी, जय महाकाल आदि नारों से पूरा माहौल गुंजायमान करते हुए खिचड़ी भोज ग्रहण करते हैं। इस खिचड़ी भोज की पांत में संतों को खिचड़ी परोसने की होड़ लगती है। नगर के धनी मानी लोग इसमें बढ़ चढ़कर हाथ बंटाते हैं।
बताया गया है कि दोपहर 1 बजे से शुरू हुआ यह खिचड़ी भोज देर शाम 5 बजे तक जारी था।
ऋषिदीप गुप्ता, शुभम गुप्ता, अभय गुप्ता बंटू, जो कि खिचड़ी वितरण की व्यवस्था में अपने पिता के साथ जुटे थे, उन्होंने बताया कि प्रत्येक संत महात्मा को गर्म मोजे , गरम पजामी ,बनियान या कंबल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम दौरान आरएसएस के रामनरेश शर्मा, राहुल गुप्ता, विनय पांडे, बृजनंदन शर्मा, अजेंद्र सिंह गौर, विनोद यादव आदि धनी मनी लोग भी उपस्थित रहे।
___*वेदव्रत गुप्ता
____