मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम हम-सबके आराध्य: आदित्य यादव
*जसवन्तनगर की रामलीला के उत्थान में जुटे रहेंगे

फोटो:- जसवंत नगर की राम बारात उद्घाटन से पूर्व संबोधित करते आदित्य यादव अंकुर
_____
_____
जसवंतनगर (इटावा)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम हम सबके हैं और वह किसी भी पार्टी या जाति के नहीं है। पूरे देश में उनके प्रति अगाध आस्था होने के कारण देश के हर कोने में होने वाली रामलीलाओं में लोग भारी संख्या में जुटते है।
उन्होंने अन्याय के प्रतीक रावण का वध किया था, इसलिए ही हर वर्ष दशहरा पर रावण को मारने और उसका पुतला फूंकने की प्रथा को देश भर में लोग हजारों साल से निभा रहे है।
यह बात शनिवार देर शाम यहां के रामलीला मैदान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की बारात का शुभारंभ करते पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे और जिला सहकारी बैंक इटावा के अध्यक्ष आदित्य यादव अंकुर ने कही है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है और उनके राम राज्य को आज भी लोग आदर्श राज्य मानते हैं, क्योंकि उन्होंने अपने जीवन काल और अपने राज्य में जो नजीरें पेश की थी, वह आज भी प्रासंगिक हैं।
जसवंतनगर के रामलीला महोत्सव की चर्चा करते उन्होंने कहा कि यह डेड शताब्दी से ज्यादा पुरानी है। यहां की मैदानी रामलीला पूरे देश में प्रसिद्ध है। नेताजी मुलायम सिंह यादव जसवंत नगर की रामलीला देखने अवश्य आते थे। बचपन में हम परिवार के साथ दशहरा मनाने जसवंत नगर जरूर आते थे ।
आज भी शिवपाल सिंह यादव को जसवंतनगर की रामलीला से बेहद लगाव है और उन्होंने अखिलेश यादव की सरकार में यहां के रामलीला मैदान के उन्नयन के लिए, जो प्रयास किया था, आज वह जमीनी तौर पर दिखाई पड़ रहा है।उत्तर प्रदेश में यह सर्वश्रेष्ठ रामलीला मैदान है। उन्होंने कहा कि मैं और मेरे पिता शिवपाल सिंह धन्य है, जिन्हें भगवान राम की बारात का शुभारंभ करने का मौका रामलीला समिति जसवंतनगर देती है। मैं रामलीला समिति का आभार व्यक्त करता हूं साथ ही वायदा करता हूं, कि रामलीला महोत्सव के उत्थान में हमारी ओर से कोई कोर कसर कभी नहीं रखी जाएगी।
राम बारात का उद्घाटन पहुंचे आदित्य यादव अंकुर का राजीव गुप्ता बबलू , अजेंद्र सिंह गौर ,किशन सिंह मेंबर, राजीव माथुर अनुज मोंटी यादव, रतन पांडे, निखिल गुप्ता गोपाल गुप्ता, अनिल गुप्ता ,प्रमोद गुप्ता माथुर आदि ने स्वागत और अभिनंदन किया। पंडित रामकृष्ण दुबे ने मंत्रोच्चार के बीच राम बारात में दूल्हा बने भगवान राम की आदित्य यादव से पहली आरती करवाई।
*वेदव्रत गुप्ता
_____