बंदूक साफ करते समय चली गोली से घायल

 

सैफई, इटावा! समाजवादी पार्टी के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान का 24 वर्षीय पुत्र रविवार सुबह घर पर गोली लगने से गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों की टीम इलाज में जुटी हुई है। वहीं घटना की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है। सूत्रों के मुताबिक युवक अपने पिता की लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहा था तभी अचानक से गोली चल जाने से वह सीने से आर-पार हो गई।

थाना क्षेत्र के गांव बिहारी भटपुरा निवासी पूर्व प्रधान संतोष शाक्य का 24 वर्षीय पुत्र विशाल मथुरा से बीटेक कर रहा है, वह घर आया हुआ है। आकाश रविवार सुबह पिता की लाइसेंसी राइफल को साफ कर रहा था तभी सफाई करने के दौरान ही अचानक से गोली चलने से सीने में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर घर में मौजूद स्वजन दौड़ पड़े और बेटे आकाश को खून से लथपथ देख आनन-फानन में उसे उपचार के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई लेकर पहुंचे जहां विश्वविद्यालय के डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर घायल आकाश को पुरानी बिल्डिंग तीसरी मंजिल पर बने आईसीयू वार्ड में जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा है। बता दें घायल विशाल के पिता संतोष शाक्य समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता है और पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव के काफी नजदीकी माने जाते हैं। इस घटना की जानकारी मिलने पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव नें संतोष शाक्य से टेलीफोन पर वार्ता करके उनके बेटे स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और विश्वविद्यालय प्रशासन से भी बेहतर इलाज करने के लिये कहा है। बताया जाता है कि गोली सीने में एक साइड लगी हुई है जो पार हो गई है। जिससे युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। मामले की जानकारी पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व राज्य मंत्री आलोक शाक्य, पूर्व विधायक राजू यादव, सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में प्रधान, पूर्व प्रधान क्षेत्र पंचायत सदस्य विश्वविद्यालय पहुंचे और जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद कामिल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुचे और जांच पड़ताल में लगे है।

Related Articles

Back to top button