पूर्वोत्तर के राज्यों में बहुत जल्द शुरू होगी वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवा, कामाख्या से होकर गुजरेगी ट्रेन

देश के कई राज्यों से वंदे भारत एक्सप्रेस  चलने की शुरुआत हो चुकी है। अब यह ट्रेन पूर्वोत्तर के राज्यों से शुरू होने जा रही है। पूर्वोत्तर की पहली वंदे भारत ट्रेन को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल चुकी है।

जल्द इसे शुरू किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, यह ट्रेन पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी से गुवाहाटी के बीच चलेगी। इसका परिचालन सिलीगुड़ी जंक्शन-कामाख्या के रास्ते हो सकता है। इस ट्रेन की औसत स्पीड 65 किमी प्रति घंटे होगी।

पूर्वोत्तर की इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से असम के अलावा अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के यात्रियों को फायदा होगा। फिलहाल देश में सात वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं।

मोदी सरकार ने देश की आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर 75 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को चलाने का लक्ष्य रखा है। पहली 75 ट्रेनों में चेयर कार डिब्बे होंगे। इसके बाद बनने वाली वंदे भारत ट्रेनों में स्लीपर डिब्बे होंगे।

Related Articles

Back to top button