हाड़ कंपा देने वाली सर्दी, केवल पौने दो घंटा चमका सूरज

*पूरे दिन में पौने दो घंटे रही सूर्य की हल्की चमक *नगर पालिका ने नहीं सुलगवाए अलाव

फोटो:- अपनी लकड़ी जलाकर अलाव तापते लोग

जसवंतनगर इटावा। शनिवार को जसवंत नगर इलाके में इस सीजन की सर्वाधिक कड़ाकेदार सर्दी का सामना लोगों को करना पड़ा। कहा जाए, तो यह कम नहीं होगा कि सर्दी और शीतलहरी हाड़ कपा देने वाली थी।

सुबह 4 बजे से ही सर्वत्र घना कोहरा छाया हुआ था। प्रातः 6:00 बजे के आसपास यहां का तापमान 6 और 7 डिग्री के बीच झूल रहा था। तेज पछुआ हवा चलने के बावजूद कोहरा थोड़ा बहुत ही छटा, मगर सड़कों पर दृष्टता 40 मीटर ही सुबह 8 बजे के आसपास थी। आमतौर से प्रातः सड़कों पर टहलने निकलने वाले लोग भी आज बहुत ही कम मात्रा में यहां की हाईवे, सर्विस रोड्स, स्टेशन रोड और कचौरा रोड पर देखे गए।

इस सीजन में अब तक कुल मिलाकर छह-सात दिन कोहरा छाया है ,मगर प्रातः 10:00 बजे तक छट जाया करता था, मगर आज दोपहर 1 बजे तक वायुमंडल कोहरे में घिरा था। सूर्य देवता भी करीब दोपहर1 बजे चमके मगर डेढ़ घंटे बाद ही दोपहर ढाई -पौने 3 बजे उनकी चमक कोहरे में लिपट गई। वर्ष 2022 का अंतिम दिन होने के कारण लोग बाजारों में खरीद-फरोख्त को निकले, मगर वह भीड़ नहीं थी, जो आम दिनों में यहां के बाजारों में दिखाई पड़ती है। दिन में कहीं भी भीषण सर्दी के चलते बाजारों में कहीं भी जाम नहीं लगा। शाम 5-6 बजे से लोग अपने प्रतिष्ठान बंद करने लगे थे।

तेज सर्दी के बावजूद गरीब और बेसहारा लोग आग तापने के लिए तरसते रहे ,क्योंकि नगर में अलावो की कहीं पुख्ता व्यवस्था नहीं थी। नगर में कई समाजसेवी संस्थाएं हैं, मगर किसी भी संस्था ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। कुछ लोग अपनी दुकानों के पास थोड़ी बहुत लकड़ी जुटाकर अलाव जलाकर अपने हाथ सेंकते जरूर दिखे।

बताया गया है कि तहसील प्रशासन में नगर में तीन जगह, जिनमें हाईवे चौराहा ,रेलवे स्टेशन और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अलाव लगवाये है। नगर पालिका जसवंत नगर के पालिका ई ओ ने 3 दिन पूर्व दावा किया था कि पालिका की ओर से नगर में 10 जगह अलाव जलवाए गये है, मगर शनिवार को कहीं भी कोई अलाव जलता हुआ नहीं मिला।

मौसम भविष्यवाणी में बताया गया है कि नए वर्ष की शुरुआत से लेकर 3 दिन तक भयंकर शीत लहरी जारी रहेगी और तापमान तीन चार डिग्री तक जा सकता है।

*वेदव्रत गुप्ता

Related Articles

Back to top button