गुजरात चुनाव 2022: बीजेपी ने हासिल की ऐतिहासिक जीत, नड्डा ने ट्वीट कर कही ये बात

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने गुजरात विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को ऐतिहासिक करार दिया और बृहस्पतिवार को कहा कि यह विकास व सुशासन के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता की जीत है।

नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ”गुजरात चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास, सुशासन और लोक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की जीत है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा को यह भव्य जीत मिली है। उन्होंने इसके लिए गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सी आर पाटिल और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

नड्डा ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि गुजरात ने पिछले दो दशक में मोदी के नेतृत्व में विकास के नये कीर्तिमान स्थापित किए है और आज गुजरात की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद देकर जीत का नया कीर्तिमान रचा है।

गुजरात में जीत के साथ ही भाजपा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बाद एकमात्र ऐसी पार्टी बन जाएगी जिसने लगातार सात बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है।

Related Articles

Back to top button